गैस रिसाव : आसपास के पांच गांव खाली करवाकर सील किये, अब तक १० की मौत  

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में गुरुवार तड़के केमिकल यूनिट में जो गैस रिसाव हुआ है उसके खतरे को देखते हुए आसपास के पांच गांव खाली करवाकर सील कर दिए गए हैं। बड़ी संख्या में लोग गैस लीक से प्रभावित हुए हैं और उन्हें अस्पतालों में भर्ती किया गया है जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें एहतियातन वेंटिलेटर पर रखा गया है। करीब ७,५०० लोगों को घरों से सुरक्षित जगह ले जाया गया है। बड़ी संख्या में जानवरों की भी मौत हुई है।

गोपालपट्टनम के पास आरआर वेंकटपुरम में स्थित एलजी पॉलिमर यूनिट में गुरुवार तड़के करीब ढाई बजे गैस रिसाव का यह मामला हुआ जिसमें अब तक आठ साल की बच्ची समेत १० लोगों की मौत हो चुकी है। अभी भी कमसे काम ७० लोग बेहोशी की हालत में हैं। करीब १००० लोग इस घटना से प्रभावित हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक गैस रिसाब के वक्त लोग अहरी नींद में थे गैस लीक होने का शोर मचते ही वहां भगदड़ मच गयी और लोग भागने लगे। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े। एक व्यक्ति कुएं में छलांग लगते हुए जान गँवा बैठाजबकि एक अन्य घर की बालकनी से गिर गया।

गैस रिसाव के चलते करीब दस गाँव प्रभावित हुए हैं। पूरे इलाके में दहशत मच गयी।

 गलियों और अस्पतालों में लोग बदहवास नजर आए। सभी लोग सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन की शिकायत कर रहे थे। बड़े पैमाने पर वहां एम्बुलेंस भेजी गयी। प्रभावितों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक लॉकडाउन के कारण बंद हुई यह रासायनिक इकाई  गुरुवार सुबह ही दोबारा शुरू की गयी थी और उसके तुरंत बाद वहां टैंकों से गैस लीक होने लगी और कमसे कम तीन किलोमीटर इलाके में फ़ैल गयी। स्टाइरीन और पेंटाइन गैसें दुर्घटना का कारण बनीं हो सकती हैं।

अभी तक टीवी में इस घटना से जुडी ख़बरों में दिखाया गया है कि कई जगह लोग सड़कों के किनारे बेहोश पड़े हैं और वहां एम्बुलेंस के सायरन बज रहे हैं। सड़क किनारे मरे हुए जानवर भी। लोग बच्चों को कंधे पर रखकर अस्पतालों की तरफ भाग रहे थे। वहां दहशत मची हुई थी। काफी लोगों को किंग जॉर्ज अस्पताल में भर्ती किया गया है जिनमें काफी बच्चे हैं।

इस घटना के बाद करीब ७,५०० लोगों को घरों से सुरक्षित जगह ले जाया गया है। तीन किलोमीटर का इलाका गैस के असर से प्रभावित है। दिल्ली में पीएम मोदी ने बैठक कर हालत का जायजा लिया और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस घटना पर शोक जताते हुए जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से संवेदना जताई है। उन्होंने सरकार को प्रभवित लोगों को बड़े पैमाने पर राहत देने और इलाज की मांग की है।