केजरीवाल ने राहुल गांधी को लिखा पत्र कहा- दिल्ली सेवा विधेयक के खिलाफ सदन के अंदर और बाहर आवाज उठाने के लिए धन्यवाद

संसद के मानसून सत्र में दिल्ली सेवा विधेयक दोनों सदनों से पास हो गया है। अब दिल्ली सरकार में प्रशासनिक फैसलों को लेकर बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सेवा विधेयक पर संसद में साथ देने के लिए पत्र लिखकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी का धन्यवाद किया है।

अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड सांसद राहुल गांधी को पत्र में लिखा कि, “जीएनसीटीडी (अमेंडमेंट) बिल 2023 को आपकी पार्टी की ओर से खारिज के जाने और इसके खिलाफ वोटिंग के लिए मैं दिल्ली के 2 करोड़ लोगों की तरफ से कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। संसद के बाहर और अंदर बिल के खिलाफ आवाज उठाने के लिए मैं दिल से तारीफ और धन्यवाद करता हूं।”

दिल्ली सीएम ने पत्र में आगे कहा कि, “मुझे विश्वास है कि संविधान के सिद्धांतों के प्रति आपकी अटल निष्ठा को दशकों तक याद किया जाएगा। संविधान की अनदेखी करने वाली ताकतों के खिलाफ लड़ाई में आपका समर्थन मिलते रहने का विश्वास है।”

आपको बता दें, ‘इंडिया’ गठबंधन की 26 पार्टियों में ‘आप’ भी शामिल है। और आज केजरीवाल द्वारा लिखे गए पत्र में यह इशारा भी किया गया है कि वह इस गठबंधन के साथ ही जुड़े रहेंगे।

लेकिन यह पहली दफा नहीं है जब अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने कांग्रेस से समर्थन लिया है। दिल्ली में कांग्रेस के समर्थन से ही उन्होंने पहली बार सरकार बनाई थी जो कि 49 दिन ही चल सकी थी। हालांकि आप ने कांग्रेस से दिल्ली, पंजाब से सत्ता छीनी साथ ही गुजरात, गोवा समेत कई राज्यों से कांग्रेस के वोटों में भी कटौती की है किंतु आज आप और कांग्रेस केवल इसलिए साथ है कि केंद्र की मोदी सरकार को वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों में हरा सके।