गलती हुई है, सिस्टम सुधारेंगे… बोले – Dharmendra Pradhan, अगले साल से ऑनलाइन होगी NEET परीक्षा?

NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने शुक्रवार को बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने माना कि परीक्षा व्यवस्था में चूक हुई है और अब सरकार पूरे सिस्टम को और मजबूत बनाने पर काम कर रही है। शिक्षा मंत्री ने साफ कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं होगा। इसी के साथ उन्होंने अगले साल से NEET परीक्षा को ऑनलाइन और कंप्यूटर बेस्ड मोड में कराने की बात भी कही। वहीं NTA ने घोषणा की है कि NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा अब 21 जून को आयोजित की जाएगी।

गलती हुई है, सिस्टम सुधारेंगे… बोले - Dharmendra Pradhan | PC: Naveen Bansal
गलती हुई है, सिस्टम सुधारेंगे… बोले - Dharmendra Pradhan | PC: Naveen Bansal

अंशिका गौड़, नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में कहा कि 3 मई को हुई NEET-UG परीक्षा के बाद 7 मई तक NTA के grievance system पर कई शिकायतें पहुंचीं। शिकायतों में कहा गया कि कुछ सवाल कथित “गेस पेपर” से मेल खा रहे थे। इसके बाद NTA और शिक्षा मंत्रालय ने तुरंत जांच शुरू की और मामला केंद्र सरकार की एजेंसियों को सौंप दिया गया।

उन्होंने बताया कि 3 से 4 दिन की शुरुआती जांच में यह साफ हो गया कि प्रश्नपत्र से जुड़े सवाल बाहर पहुंचे थे। इसी वजह से 12 मई को परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार नहीं चाहती थी कि किसी शिक्षा माफिया की वजह से मेहनती छात्रों का हक छीना जाए। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम कर रही है।

शिक्षा मंत्री ने माना कि NTA के सिस्टम में सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि साल 2024 में भी गड़बड़ियों के मामले सामने आए थे और अब पूरे मैकेनिज्म को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले साल से NEET-UG परीक्षा ऑनलाइन और पूरी तरह कंप्यूटर बेस्ड मोड में कराने की तैयारी की जा रही है, ताकि पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोका जा सके।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि इस बार Re-NEET परीक्षा 21 जून को होगी। छात्रों को अपनी पसंद का परीक्षा शहर चुनने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। परीक्षा में 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी मिलेगा ताकि छात्र answer sheet की formalities आराम से पूरी कर सकें। परीक्षा अब दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। सभी एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि 21 जून को गर्मी और कई जगह बारिश की संभावना को देखते हुए राज्य सरकारों और मुख्यमंत्रियों से बात की जा रही है ताकि छात्रों के लिए transport और दूसरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। मंत्री ने यह भी कहा कि दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों से कोई नई फीस नहीं ली जाएगी और 3 मई की परीक्षा फीस भी वापस की जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि पूरे मामले की जांच अभी Central Bureau of Investigation कर रही है और जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने यह कहा कि पेपर लीक कराने वाले लोग अब एक सामाजिक समस्या बन चुके हैं और अलग-अलग राज्यों में सक्रिय शिक्षा माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों को लागू किया गया था, लेकिन इसके बावजूद यह घटना हुई। मंत्री ने उन छात्रों का भी जिक्र किया जिन्होंने इस विवाद के बीच आत्महत्या की। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों को सांत्वना देने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं।

इस बीच National Testing Agency ने घोषणा की है कि NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा अब 21 जून को आयोजित की जाएगी। यह फैसला केंद्रीय शिक्षा मंत्री के आवास पर उच्चस्तरीय बैठक के बाद लिया गया, जिसमें परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।