शैली ओबरॉय आप की एमसीडी की मेयर, मोहम्मद इकबाल उपमेयर पद के प्रत्याशी

आखिर आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली नगर निगम के लिए मेयर सहित अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आप ने दो हफ्ते पहले हुए दिल्ली नगर निगम के चुनाव में 134 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था और भाजपा को सत्ता से बाहर कर दिया था। पार्टी ने मेयर पद के लिए शैली ओबरॉय जबकि उप मेयर मोहम्मद इकबाल नाम घोषित किया है। मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव अगले साल 6 जनवरी को होना है।

एमसीडी के मेयर पद के उम्मीदवार तय करने के लिए आप ने शुक्रवार को बैठक कर नामों पर मंथन किया। इसके बाद मेयर पद के लिए शैली ओबेरॉय के नाम पर मुहर लगाई गई। उप मेयर के लिए जिन मोहम्मद इकबाल का नाम तय किया गया है वह पार्टी विधायक शोएब इकबाल के बेटे हैं। शैली ओबरॉय पटेल वार्ड 86 से पार्षद हैं, वहीं मोहम्मद इकबाल मटिया महल के वार्ड 76 से पार्षद हैं।

पार्टी ने स्टैंडिंग कमेटी सदस्य के लिए आमिल मलिक, रविंद्र कौर, मोहिनी जीनवाल और सारिका चौधरी के नाम की भी घोषणा की है। मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव 6 जनवरी, 2023 को होना है।

नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी को 250 सीटों में से 134 और भाजपा को 104 सीटें जबकि कांग्रेस को 9 सीटें मिली थीं। आप के पास स्पष्ट बहुमत है, हालांकि, पार्टी को लगता है कि भाजपा गड़बड़ कर सकती है। बेशक भाजपा ने कहा है कि वह मेयर पद का चुनाव लड़ेगी या नहीं इसका फैसला अभी करेगी।

सदन में स्पष्ट बहुमत वाली पार्टी पार्षद का नाम मेयर पद के लिए मनोनीत कर सकती है। लेकिन, अगर कोई विपक्षी दल फैसले का विरोध करता है और अपना उम्मीदवार घोषित करता है, तो चुनाव करवाना जरूरी होगा। उपराज्यपाल महापौर के चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारी को नामित करता है। यहाँ यह बता दें कि  निकाय चुनाव में दल-बदल विरोधी कानून लागू नहीं होता है, कोई भी पार्षद किसी भी उम्मीदवार को वोट दे सकता है।