राजस्थान में चंबल नदी में पलटी नाव ; कई डूबे, 7 शव निकाले

राजस्थान के कोटा और बूंदी जिले की सीमा पर बुधवार को चंबल नदी में एक नाव पलट जाने से कई लोगों की मौत हो गयी है जबकि कुछ तैर कर किनारे पहुँच गए। नाव में 50 के करीब लोग सवार थे। अभी तक 7 शव निकाले जा चुके हैं जबकि कुछ लोग अभी लापता बताये गए हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर शोक जताया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक जिले के सीमा पर स्थित गाँव गोठड़ा कला के पास बहने वाली चंबल नदी में नाव अचानक पलट गई। इसमें करीब 50 लोग सवार बताये गए हैं। नाव में मनुष्यों के अलावा लोगों का सामान और वाहन भी थे। नाव से यह लोग कमलेश्वर धाम जा रहे थे कि अचानक नाव पलट गई।  इससे इसमें सवार लोग, जिनमें महिलाएं बच्चे भी थे, नदी में गिर गए। कुछ लोगों ने नदी को तैर कर पार लिया जिससे उनकी जान बच गयी।

राजस्थान के कोटा जिले में चंबल नदी को पार करते वक्त एक नाव डूबने से 30 लोग डूब गए। इसमें से 7 लोगों के शव निकाले जा चुके है, जबकि कुछ लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट करके कहा है कि कोटा में थाना खातोली क्षेत्र में चम्बल ढिबरी के पास नाव पलट जाने की घटना बेहद दुखद और  दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लापत लोगों का तत्काल पता लगाया जाए ताकि उनकी जान बचाई जा सके।

गहलोत ने हादसे का शिकार लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई है। सीएम ने कोटा  प्रशासन से बात कर घटना की जानकारी ली है। तत्परता से राहत और बचाव के साथ लापता लोगों को शीघ्र ढूंढने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय पुलिस और प्रशासन घटनास्थल पर मौजूद है। प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से मदद के लिए निर्देश दिए हैं।