यूपी में किशोरी के साथ हैवानियत के बाद आंखें फोड़ीं, जीभ काटी

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में 13 साल की किशोरी के साथ हैवानियत की वारदात हुई। आरोपियों ने दलित किशोर से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करके शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया था। पुलिसने बताया कि दो आरोपियों को इस जघन्य अपराध के लिए गिरफ्तार किया गया है।

पीड़िता के पिता ने बताया उसकी बेटी शुक्रवार दोपहर से लापता थी, हम उसको हर जगह तलाश कर रहे थे। एक गन्ने के खेत में शव मिला। पिता ने बताया जब हमने बेटी को देखा तो उसकी आंखें बाहर निकली हुई थीं और जीभ काट दी गई थी। हालांकि अब पुलिस सक्रिय हुई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लखनऊ से करीब 130 किमी दूर नेपाल से सटे लखीमपुर खीरी में हुई इस दिल दहला देने वाली वारदात से स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम में लड़की के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। लखीमपुर खीरी के एसपी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में केवल रेप की पुष्टि हुई है। आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि किशोरी की दोनों आंखें फूटी हुईं थी, उसके गले में उसी का दुपट्टा कसा था और दोनों पैर बंधे थे। सूचना पर एएसपी अरुण कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

इससे पहले राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मामले को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि यूपी के लखीमपुर खीरी के एक गांव में दलित नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद फिर उसकी नृशंस हत्या अति-दुःखद व शर्मनाक। सरकार मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई करे।