यूपी बार कौंसिल अध्यक्ष की हत्या

पहली महिला अध्यक्ष थीं, आरोपी ने भी खुद को गोली मारी

एक बड़े घटनाक्रम में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की पहली महिला अध्यक्ष की बुधवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। दरवेश यादव दो दिन पहले ही वह बार काउंसिल की अध्‍यक्ष चुनी गई थीं। उन्हें गोली मारने वाले ने भी खुद को गोली मार ली।
रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने कहा है कि दरवेश की हत्या उनके ही एक सहयोगी ने की जिसका नाम मनीष शर्मा है। आरोपी ने दरवेश को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली और उसे अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती किया गया है।
जानकारी के मुताबिक कोर्ट परिसर में दोनों के बीच किसी बात पर बहस हो गई  जिसके बाद मनीष ने अपनी लाइसेंसी पिस्‍तौल से गोली चला दी। पुलिस के अनुसार मनीष शर्मा ने दरवेश यादव को तीन गोलियां मारी हैं। बता दें कि दरवेश यादव को उस वक्त गोली मारी गई जब वह आगरा कोर्ट परिसर में स्‍वागत समारोह में हिस्सा ले रही थीं।
दरवेश यादव की हत्या करने के बाद आरोपी मनीष ने खुद को भी गोली मार ली।  अभी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी ने दरवेश को तीन गोलियां मारीं।  मामले की जांच चल रही है।
इस हत्या के बाद बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट कर कहा – ”यूपी बार कौन्सिल की नवनिर्वाचित अध्यक्ष दरवेश यादव की आगरा कोर्ट परिसर में जघन्य हत्या अति-दुःखद और अति निंदनीय घटना है। शामली में पुलिस द्वारा पत्रकारों की अकारण पिटाई जैसी घटनायें साबित करती हैं कि लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा के शासन में अराजकता और जंगलराज और भी ज्यादा बढ़ गया है।
उधर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने  ट्वीट कर कहा – ”सीएम बैठक पर बैठक कर रहे हैं। अपराधी अपराध पर अपराध! आगरा में बार काउंसिल अध्यक्ष की हत्या कानून व्यवस्था पर सुलगता सवाल।  दुखद !”
इस बीच उत्तर प्रदेश में क़ानून व्यवस्था का दिवाला पीटने से लोगों में दहशत घर रही है। पिछले दिनों में यूपी में बहुत घटनाएं ऐसी  जिनसे जाहिर होता है कि योगी सरकार इस मोर्चे पर बुरी तरह नाकाम हुई है।