महिला कलाकार से छेड़छाड़ में अभिनेता विजय राज गिरफ्तार

अभिनेता विजय राज को महिला कलाकार से छेड़छाड़ के आरोप में महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विजय की गिरफ्तारी की पुष्टि गोंदिया के एडीशनल एसपी अतुल कुलकर्णी ने की है।
फिल्म ‘रन’ में अपने ‘कौवा बिरयानी’ वाले सीन से लोकप्रिय हुए अभिनेता विजय राज बहुत सी फिल्मों में काम कर चुके हैं।  कथित तौर पर विजय राज पर फिल्म सेट पर महिला कलाकार के साथ छेड़छाड़ का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि विजय राज के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (स्त्री की लज्जा भंग करना) के तहत केस दर्ज किया गया है। विजय राज अपनी टीम के साथ बालाघाट में थे, जहां वो फिल्म ‘शेरनी’ की शूटिंग के लिए पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात महिला की शिकायत पर रामनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर पुलिस ने मंगलवार को अभिनेता को गिरफ्तार कर लिया है।
विजय राज को कॉमेडी फिल्मों के लिए जाना जाता है। उन्होंने अभिनय का शुरुआत साल 1999 में फिल्म ‘भोपाल एक्सप्रेस’ से की थी। दर्ज़नों फिल्मों में अभिनय कर चुके विजय राज को बॉलीवुड में पहचान 2004 में फिल्म रन से मिली थी। फिल्म ‘रन’ में उनका ‘कौवा बिरयानी’ वाला सीन खूब लोकप्रिय हुआ था।
पहले भी हो चुके हैं गिरफ्तार
वर्ष 2005 में अभिनेता विजय राज को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें उस समय दुबई में ड्रग रखने के आरोप में पकड़ा गया था। हालांकि उन्हें जमानत मिल गई थी।