महाराष्ट्र में मेट्रो सेवाएं कल से, स्कूल और मंदिर बंद रहेंगे

कोरोना काल में अनलॉक-5 के नियमों की समीक्षा के दौरान महाराष्ट्र सरकार ने 15 अक्टूबर से मेट्रो रेल सेवाएं शुरू करने की अनुमति दे दी है। अब वीरवार से मुंबई मेट्रो समेत कई अन्य सेवाएं शुरू हो जाएंगी। लेकिन इस बीच, 31 अक्टूबर तक स्कूल और मंदिर नहीं खोलने का फैसला किया गया है। मेट्रो समेत तमाम सर्विसेज को शुरू कराया जा सकता है। राज्य में सभी पब्लिक लाइब्रेरी भी खुल जाएंगी।
राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि मुंबई मेट्रो समेत अन्य सेवाएं फिर से शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि महाराष्ट्र में भी दिल्ली की तर्ज पर ही मेट्रो रेल के संचालन के तमाम नियमों का पालन किया जाएगा। इस संबंध में जल्द दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे, जिनका अनुपालन अनिवार्य होगा।

राजनीतिक-धार्मिक कार्यक्रम की इजाजत नहीं
केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार की ओर से जारी नए नियमों के बावजूद महाराष्ट्र में फिलहाल राजनीतिक कार्यक्रमों और जलसों की इजाजत नहीं दी जाएगी। इसके अलावा वैवाहिक समारोहों या अंतिम यात्राओं में 50 लोगों की सीमा जारी रहेगी। 15 अक्टूबर के बाद महाराष्ट्र में स्थानीय बाजारों को भी खोलने की इजाजत दी गई है। हालांकि कंटेनमेंट जोन में बाजार बंद रहेंगे।

कोरोना प्रोटोकॉल का पालन जरूरी
मेट्रो रेल के संचालन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन समेत नियमों का पूरा ध्यान रखना होगा। इसके अलावा मेट्रो का संचालन किस फ्रीक्वेंसी में होगा, इस पर भी तमाम जानकारियों यात्रियों को मुहैया कराई जाएगी। दिल्ली और यूपी में पहले से ही मेट्रो सेवाओं का संचालन शुरू हो चुका है।