भाजपा सांसद रीता बहुगुणा की पोती पटाखों से झुलसी, मौत

इलाहाबाद से भाजपा सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी की छह साल की पोती कियाना की सोमवार देर रात को मौत हो गई। बच्ची किया दिवाली की रात पटाखा जलाने के दौरान चिंगारी से बुरी तरह से झुलस गई थी। प्रयागराज के निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। हालत और बिगड़ती देख उसे इलाज के लिए दिल्ली ले जाने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही बच्ची की मौत हो गई। रीता बहुगुणा के बेटे मयंक जोशी की बेटी थी। डॉक्‍टरों और परिवार के सदस्‍यों ने इस बारे में और कोई जानकारी शेयर करने से इनकार कर दियाा है। परिजनों ने मामले में निजता बनाए रखने का आग्रह किया है।

सांसद रीता बहुगुणा ने बच्ची को बचाने के लए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बात कर उसे दिल्ली ले जाने की तैयारी की थी। मंगलवार सुबह कियाना को एयर एंबुलेंस से दिल्ली के मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाना था, लेकिन सोमवार रात 1.30 से 2 बजे के बीच ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।

रोशनी के पर्व दिवाली पर कियाना मां के साथ प्रयागराज कैंट में अपने ननिहाल गई थी। शनिवार की शाम किया दूसरे बच्चों के साथ घर की छत पर खेल रही थी। इसी दौरान छोड़े जा रहे पटाखों से उसके कपड़ों में आग लग गई, जिससे वह गम्भीर रूप से करीब 60 फीसदी झुलस गई। मासूम हाल ही में अपनी मां और दादा-दादी के साथ कोरोना का इलाज कराने के बाद घर लौटी थी। मयंक जोशी की शादी 2007 में प्रयागराज कैंट के अशोक नगर में रहने वाली ऋचा जोशी से हुई थी। किया इकलौती संतान थी।

बता दें कि 71 वर्षीय रीता बहुगुणा जोशी ने वर्ष 2016 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। वे वर्ष 2007 से 2012 तक यूपी प्रदेश कांग्रेस की अध्‍यक्ष रह चुकी हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव से उन्‍होंने यूपी की इलाहाबाद सीट से भाजपा उम्‍मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। रीता यूपी के पूर्व सीएम हेमवती नंदन बहुगुणा जोशी की बेटी हैं।