बिहार भाजपा मुख्यालय में कोरोना विस्फोट, 75 नेता संक्रमित

दफ्तर कंटेंमेंट ज़ोन घोषित, सैनिटाइज किया जाएगा

बिहार में कोरोना का कहर दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। ताज़ा मामला बिहार का भाजपा मुख्यालय का है, जो इसकी गिरफ्त में आ गया है। दफ्तर के स्टाफ समेत 75 नेता कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन लोगों की टेस्ट रिपोर्ट मंगलवार को सामने आई है। सोमवार को ही 100 नेताओं का टेस्ट कराया गया था। पॉजिटिव मामले आने के बाद बीजेपी दफ्तर को सील कर दिया गया है। अब इसे सैनिटाइज किया जाएगा।
बिहार में कुल मरीजों का आंकड़ा 18 हजार पहुंच गया है।  यहां अब तक 160 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत की बात है कि अब तक 12 हजार 317 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 5482 है। लिजिन डराने वाली बात ये है कि पिछले कुछ दिनों कोरोना मरीजों के मामले तेजी से बढ़े हैं।
कोरोना संक्रमित मिले भाजपा नेताओं में संगठनात्मक महासचिव नागेंद्र और राज्य महासचिव देवेश कुमार भी शामिल हैं। नागेंद्र का कुछ माह पहले हार्ट का ऑपरेशन हुआ है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा और पूर्व एमएलसी राधा मोहन शर्मा की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। भाजपा मुख्यालय में कार्यरत तीन कर्मचारियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
प्रशासन ने पार्टी नेताओं और कर्मचारियों के पॉजिटिव मिलने के बाद भाजपा कार्यालय को सील कर दिया है। पटना के बीर चंद पटेल मार्ग पर स्थित भाजपा कार्यालय को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है।