प्रियंका गांधी से बदसलूकी पर यूपी पुलिस ने माफी मांगी, अब महिला अधिकारी करेंगी इसकी जांच

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी से हाथरस जाते हुए डीएनडी के पास हुई पुलिस बदसलूकी के लिए यूपी पुलिस को माफी मांगनी पड़ी है। यूपी पुलिस के एक अधिकारी के प्रियंका गांधी के कंधे के पास कुर्ते को पकड़ने का वीडियो ट्वीटर पर वायरल होने और इसपर लोगों के पुलिस की जबरदस्त निंदा करने के बाद यूपी पुलिस ने उनसे माफी मांगते हुए इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। यह जांच एक सक्षम महिला अधिकारी ही करेंगी।

यूपी पुलिस को इस घटना पर देश भर से आलोचना सहनी पड़ी थी। कांग्रेस और विपक्ष की तरफ से इस मामले की जबरदस्त निंदा के बाद मामला तूल पकड़ गया था। पहले ही हाथरस में लड़की से गैंगरेप और आधी रात को बिना परिवार की मंजूरी के तेल डालकर पुलिस के उसको जलाने से देश भर में आलोचना से घिरी योगी सरकार ने प्रियंका वाले में देरी न करते हुए नोएडा पुलिस से माफी मंगवाकर और जांच का आदेश दिलवाकर इसे ठंडा करने की कोशिश की है।

घटना के तूल पकड़ने के बाद गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) पुलिस ने प्रियंका गांधी से माफी मांगी है। पुलिस ने कहा कि उसने शनिवार को डीएनडी फ्लाईओवर पर हुए हंगामे के दौरान कांग्रेस नेता के साथ हुई बदसलूकी की जांच के आदेश दिए हैं। यह घटना तब घटी थी जब प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ शनिवार की दोपहर हाथरस के रास्ते पर थीं, जब वे हाथरस गैंगरेप घटना के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने लाठियां चलाईं जिसके बाद प्रियंका गांधी अपने कार्यकर्ता को बचाने के लिए कार से बाहर निकलकर भीड़ की तरफ दौड़ी और पुलिस के हाथ से लाठी छीनकर अपने कार्यकर्ता को बचाया।  इस दौरान ही उनसे बदसलूकी की घटना घटी थी।

यह तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो गई, जिसमें एक पुलिस अधिकारी ने प्रियंका गांधी के कुर्ते को कंधे के पास से पकड़ा हुआ था। प्रियंका गांधी के साथ यूपी पुलिस के इस तरह के व्यवहार की खूब आलोचना हुई। यूपी पुलिस के मुताबिक प्रियंका से बदसलूकी की जांच पुलिस आयुक्त कार्यालय, नोएडा करेगा। नोएडा पुलिस ने इस मामले में जांच के आदेश देते हुए कहा है कि कोई सक्षम महिला अधिकारी इस मामले की जांच करेंगी।

हाथापाई  के दौरान प्रियंका लड़खड़ा गई थीं और एक डंडा उनके शरीर पर भी पड़ा  था। वीडियो में हाथापाई के दौरान हेलमेट पहने एक पुलिसकर्मी को कांग्रेस महासचिव के कुर्ते से पकड़ते हुए साफ़ देखा जा सकता है। अब पुलिस ने घटना पर गहरा अफसोस जताया है और कहा है कि हम प्रियंका गांधी से इस घटना के लिए माफी मांगते हैं।

पुलिस ने अपने बयान में कहा – ‘पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) ने घटना का संज्ञान लिया है और एक वरिष्ठ महिला अधिकारी से जांच का आदेश दिया गया है। नोएडा पुलिस में हम महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।  मामले की जांच के बाद दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नोयडा पुलिस का ट्वीट –
POLICE COMMISSIONERATE NOIDA
@noidapolice
@noidapolice profoundly regrets the incident @priyankagandhi while handling an unruly crowd at the DND. The DCP HQ has taken suomotto cognizance of it & ordered an inquiry to be conducted by a senior Lady officer. We @noidapolice are committed to ensure safety & dignity of women.