पंचतत्व में विलीन ‘फ्लाईंग सिख’

मिल्खा सिंह शनिवार शाम पंचतत्व में विलीन हो गए। चंडीगढ़ के सेक्टर-25 श्मशानघाट में  राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इससे पहले उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह, केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू सहित कई नामी हस्तियां उपस्थित हुईं।
फ्लाईंग सिख के नाम से मशहूर एथलीट पदम् श्री मिल्‍खा सिंह का शुक्रवार रात निधन हो गया था। छह दिन पहले उनकी पत्नी और भारतीय बॉलीबाल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल कौर का भी निधन हो गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित कई नेताओं, खिलाड़ियों, कलाकारों और अन्य ने मिल्खा सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है।
उनके अंतिम दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी भी शमशान घात के बाहर पहुंचे हुए थे। उपस्थित लोगों ने नम आखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। मिल्खा सिंह के अंतिम दर्शन के लिए लुधियाना से मास्टर इंटरनेशनल एथलीट चन्नण सिंह भी चंडीगढ़ पहुंचे थे।
दिन में मिल्खा सिंह के घर पर पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, अकाली नेता पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह उनके सेक्टर 8, चंड़ीगढ़ के घर में पहुंचे। उधर केंद्रीय खेल मंत्री रिजिजू और यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनौर श्मशानघाट पर मिल्खा सिंह के अंतिम संस्कार के समय उपस्थित थे।
एथलीट मिल्खा सिंह की पार्थिव देह शाम सवा 4 बजे सेक्टर-25 श्मशानघाट पहुँची।  अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने के बाद मिल्खा सिंह को राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन किया गया।