दिल्ली हिंसा के आरोपी दीप सिद्धू को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया

किसान आंदोलन के दौरान 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर रैली में लाल किले पर हुड़दंग मचाने के मुख्य आरोपी दीप सिद्धू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल्ल की टीम ने पकड़ा। उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था।

दिल्ली पुलिस ने राजधानी में हिंसा के मास्टमाइंड कहे जाने वाले दीप सिद्धू को पिछली रात गिरफ्तार कर लिया। दीप 26 जनवरी की घटना के बाद भी लगातार सोशल मीडिया पर अपने वीडियो अपलोड कर रहा था। बता दें तीन फरवरी को दिल्ली पुलिस ने दीप सिद्धू, जुगराज सिंह समेत चार लोगों पर एक-एक लाख का इनाम घोषित किया था।

इन सभी लोगों पर लाल किले पर एक धार्मिक झंडा फहराने और लोगों को हिंसा के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। सिद्धू को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया। दीप के अलावा पूर्व गैंगस्टर लक्खा सिधाना और लाल किले पर झंडा फहराने वाला जुगराज अभी लापता हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। हाल में दिल्ली पुलिस ने हिंसा फैलाने के आरोपी करीब 50 लोगों की तस्वीरें भी जारी की थीं।