दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति ने लिया तलाक

दिल्ली महिला आयोग की चेयरमैन स्वाति मालीवाल ने पति नवीन जयहिंद से तलाक हो गया है। मालीवाल ने सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर जानकारी साझा करते हुए लिखा- कई बार अच्छे लोग साथ नहीं रह पाते हैं। मैं उन्हें हमेशा मिस करूंगी। नवीन जयहिंद आम आदमी पार्टी (आप) के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष हैं।
मालीवाल ने ट्वीट किया। ‘सबसे दुखद पल तब होता है जब आपकी सुखद कहानी का अंत हो जाता है। मेरी हो गई है। मेरा पति नवीन से तलाक हो गया है। कई बार बहुत अच्छे लोग भी साथ नहीं रह पाते हैं। जिंदगी भर साथ निभाने वाले को मिस करूंगी।’
उन्होंने कहा, ‘मैं हर दिन भगवान से प्रार्थना करूंगी कि वे हमें और हमारे जैसे दूसरे लोगों को ताकत दें ताकि इस तकलीफ दर्द को सहन कर सकें।’ महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों और उनसे जुड़े मामलों को लेकर स्वाति मालीवाल बेहद सक्रिय रहती हैं। पिछले साल के आखिर में स्वाति ने दुष्कर्मियों को छह महीने के अंदर फांसी पर चढ़ाए जाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की थी। इस दौरान उनकी काफी तबीयत खराब हो गई थी। वह बेहोश तक हो गई थीं, जिसके बाद उनको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
इसी अनशन के दौरान बेहोश होने पर पति नवीन जयहिंद ने उनके बारे में ट्वीट किया था- स्वाति शेरनी है मुर्दा नहीं मर्दानी है। सोये हुए लोगो को जगाया जाता है पर मुर्दो को जगाने चली है, मुर्दे कभी जागते नहीं हैं। इस जंगल मे जंग जिंदा रहके लड़ी जाती है मरके तो जंग नही लड़ी जा सकती। रेपिस्टों को फांसी के लिए 13 दिन से अनशन पर है। मर भी जाएगी तो 13 दिन भी याद नही रखेंगे लोग।’