कॉमेडियन भारती सिंह, पति हर्ष को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

बेहद गरीब परिवार से अपने संघर्ष के बूते शोहरत की बुलंदियों तक पहुँची जानी मानी हास्य कलाकार भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को मुंबई की एक अदालत ने 4 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों को शनिवार को ड्रग्स मामले में लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। भारती सिंह के घर से एनसीबी को पिछले कल उनके आवास पर छापे के दौरान करीब 86 ग्राम गांजा मिला था।

अब ड्रग्स के इस मामले में भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को 14 दिन की हिरासत में भेज दिया गया है। उन्हें आज ही एनसीबी ने मुंबई की एक अदालत में पेश किया था। घर से गांजा बरामद होने के सिलसिले में शनिवार को दोनों पति-पत्नी को एनसीबी पूछताछ के लिए अपने दफ्तर ले गयी थी जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक एनसीबी ने अदालत में दलील कि भारती सिंह के घर से 86 ग्राम गांजा बरामद किया गया और दोनों ने गांजा सेवन की बात कबूली है। अब तक की जांच में एनसीबी ने पाया कि हर्ष अपने और भारती के लिए गांजा लाता था। एनसीबी यह जांच करना चाहती है कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। एनसीबी दोनों के लिए पुलिस हिरासत चाहती थी।

अदालत ने, हालांकि कहा कि बरामद गांजे की मात्रा बहुत कम है। एनसीबी का भी कहना है कि दोनों गांजा का सेवन करते थे। इसलिए पुलिस हिरासत की ज़रूरत नहीं है। दोनों को 4 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा जाता है।

सोमवार को दोनों की ज़मानत याचिका पर सुनवाई हो सकती है। कोर्ट के सामने पेश करने से पहले भारती सिंह और हर्ष को रविवार को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया था। एनसीबी की मुंबई शाखा के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने कहा कि भारती सिंह और हर्ष के खिलाफ ड्रग्स सेवन के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
उधर पंजाब में भारती को नजदीक से जानने वाले भारती के ड्रग्स मामले में पकड़े  जाने से हैरान हैं। उनमें से बहुतों का कहना है कि अपने संघर्ष के दिनों में भारती चिमटे से भी मादक पदार्थ पकड़ने से कतराती थीं। लिहाजा अब उनके गांजा सेवन करने की बात कबूलने से सभी हैरान हैं और उनके फैंस तो बहुत दुखी हैं।