किश्तवाड़ में भाजपा सचिव, भाई की हत्या

अज्ञात हमलावरों ने गोलिया मारीं, आतंकी घटना की आशंका, कर्फ्यू लगा

जम्मू कश्मीर में गुरूवार रात दो अज्ञात हमलावरों ने किश्तवाड़ में भाजपा के प्रदेश सचिव और उनके भाई की हत्या कर दी। उनपर उस समय गोलियों की बौछार कर दी गयी जब वे दूकान बंद करके घर जा रहे थे।  तहलका की जानकारी के मुताबिक किश्तवाड़ में इस घटना के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है। आशंका है कि यह आतंकवादी कार्रवाई है।
इस हमले में भाजपा सचिव अनिल परिहार और उनके सेज भाई अजीत परिहार दोनों की मौत हो गयी है . यह हमला रात करीब ८ बजे के आसपास किया गया। हत्यारों की अभी पहचान नहीं हुई है। पूर्व उप मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष निर्मल सिंह ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। तहलका से फोन पर बातचीत में सिंह ने इसे कायरतापूर्ण कार्रवाई बताया। उधर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता गुलाम नबी आज़ाद ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। पूर्व मुख्यमंत्री उम्र अब्दुल्लाह ने भी ट्वीट करके हत्या की निंदा की।
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों पर गोलियों से हमला किया गया और इस हमले में भाजपा सचिव अनिल की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि भाई अजीत गंभीर रूप से घायल हो गए हालांकि बाद में उनकी भी मौत हो गयी है। जानकारी के मुताबिक हमलावर संख्या में दो थे और उनके पास हथियार थे। हमलावर दोनों की हत्या करने के बाद फरार हो गए और अँधेरे के कारण उनकी फिलहाल खोज नहीं हो सके है।
एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद तनाव को देखते हुए कर्फ्यू लगा दिया गया है। अनिल प्रदेश भाजपा के सचिव थे। प्रदेश भाजपा की प्रवक्ता दरख्शां अंद्राबी ने भी तहलका से बातचीत में इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।