चीन के ‘लापता’ विदेश मंत्री क्विन गेंग हटाए गए, वांग यी को मिला जिम्मा

एक महीने से लापता चीन के विदेश मंत्री क्विन गेंग को सरकार ने उनके पद से हटाकर उनकी जगह वांग यी को नया विदेश मंत्री नियुक्त किया है। यी पहले भी विदेश मंत्री के  पद पर काम कर चुके हैं। उधर क्विन गेंग कहाँ हैं, इसे लेकर चीन में किसी को, यहाँ तक कि विदेश मंत्रालय को भी, जानकारी नहीं है। गेंग अमेरिका की एक एंकर के साथ कथित संबंध को लेकर भी चर्चा में रहे हैं।   गेंग को आखिरी बार 25 जून को देखा गया था। अब उनकी जगह वांग यी विदेश मंत्री का जिम्मा देखेंगे जो पहले भी दस साल तक विदेश मंत्री रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चेन सरकार ने क्विन गेंग के अलावा सेंट्रल बैंक के गवर्नर यी गैंग को भी उनके पद से हटा दिया है और पैन गोंगशेंग को नया गवर्नर नियुक्त किया है। याद रहे चीनी कम्युनिस्ट पार्टी  प्रभावशाली माने जाने वाले क्विन गेंग को दिसंबर 2022 में विदेश मंत्री बनाया गया था। गेंग वांग यी की जगह ही विदेश मंत्री बने थे। गेंग 25 जून के बाद सार्वजनिक स्थानों पर नहीं देखे गए हैं। चीनी मीडिया के मुताबिक तत्कालीन विदेश मंत्री क्विन गेंग को 4 जुलाई को यूरोपीय यूनियन के फॉरेन पॉलिसी चीफ जोसेफ बोरेल से मिलना था, लेकिन ये मीटिंग अचानक आगे खिसका दी गई। बोरेल को दो दिन पहले इसकी जानकारी दी गई। इसमें मीटिंग आगे बढ़ाने का कोई कारण नहीं बताया गया।