
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गोरखपुर में भव्य तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। हाथों में तिरंगा लिए मुख्यमंत्री हजारों लोगों, जनप्रतिनिधियों, छात्रों, युवाओं और सामाजिक संगठनों के साथ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशवासियों से हर घर पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत के सम्मान, स्वाभिमान, एकता और वीर बलिदानों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करने का अवसर है तथा प्रत्येक नागरिक को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
तिरंगा यात्रा में सांसद रवि किशन, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति के गीतों और भारत माता के जयघोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करने के बजाय राजनीति करते हैं। उन्होंने काकोरी कांड के अमर क्रांतिकारियों को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी अनगिनत बलिदानों का परिणाम है और नई पीढ़ी को उनके योगदान से प्रेरणा लेनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करें।
