Women’s Asia Cup 2026: भारत ने थाईलैंड को 94 रन से हराया, शेफाली वर्मा का तूफानी अर्धशतक

महिला एशिया कप 2026 में भारत ने थाईलैंड को 94 रन से हराया
महिला एशिया कप 2026 में भारत ने थाईलैंड को 94 रन से हराया। शेफाली वर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

रिपोर्टर प्रिया तिवारी

महिला एशिया कप 2026 में टीम इंडिया ने धमाकेदार अंदाज में अपना अभियान शुरू किया है। थाईलैंड के खिलाफ पहले मुकाबले में भारत ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए 94 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। शेफाली वर्मा ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि रिकॉर्ड उनके नाम हो गया, वहीं भारतीय गेंदबाजों ने थाईलैंड की पूरी टीम को सिर्फ 65 रन पर समेट दिया।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने महज 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर महिला एशिया कप के सबसे तेज अर्धशतकों में अपना नाम दर्ज करा लिया। उन्होंने 36 गेंदों में 64 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए शेफाली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पहले ओवर से ही शुरू हुआ विकेटों का खेल

159 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाईलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। क्रांति गौड़ ने पहले ही ओवर में नट्टकान चंतम को 4 रन पर बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई।

तीसरे ओवर में नंदनी शर्मा ने फणीता माया को 6 रन पर कैच आउट कराया। इसके बाद श्री चरणी ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में अफिसारा सुवानचोनराथी को 1 रन पर एलबीडब्ल्यू कर दिया। अगले ही ओवर में श्री चरणी ने चनिदा सुथिरुआंग को 5 रन पर आउट कर थाईलैंड को चौथा झटका दे दिया।

दीप्ति-नंदनी ने कसी कमर

थाईलैंड की पारी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। दीप्ति शर्मा ने नाओमि कनोकपोर्न हैमिल्टन को 1 रन पर आउट कर पांचवां विकेट हासिल किया। 44 रन तक पहुंचते-पहुंचते थाईलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।

9वें ओवर में दीप्ति ने नन्नाफट चैहान को शून्य पर आउट कर अपना दूसरा विकेट लिया। इसके बाद 15वें ओवर में नंदनी शर्मा ने लगातार दो गेंदों पर सुलेपॉर्न लेओमी और सुनीदा चतुरंगरत्न को आउट कर थाईलैंड की मुश्किलें और बढ़ा दीं।

अगले ओवर में ओनीचा कामचौम्फ़ू रन आउट हो गईं। आखिरकार 17वें ओवर में दीप्ति शर्मा ने नन्नापट कोंचारोएनकाई को आउट कर थाईलैंड की पारी समेट दी।

थाईलैंड की ओर से कोंचारोएनकाई ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। पूरी टीम 65 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 94 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

दीप्ति के लिए भी यादगार रहा मैच

इस मुकाबले में दीप्ति शर्मा ने एक और उपलब्धि अपने नाम की। यह उनका 150वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला था। इसके साथ ही वह 150 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली भारत की तीसरी महिला क्रिकेटर बन गईं।

भारत के लिए यह मुकाबला एकदम परफेक्ट रहा—शेफाली ने बल्ले से धमाका किया, गेंदबाजों ने विकेटों की झड़ी लगाई और टीम इंडिया ने एशिया कप का आगाज बड़ी जीत के साथ किया।