नई दिल्ली: देश की राजधानी में शुक्रवार को Indian Youth Congress के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष Uday Bhanu Chib ने किया। संगठन का कहना है कि NEET पेपर लीक और उससे जुड़े घटनाक्रम ने देशभर के छात्रों और उनके परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए।
युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भरोसा टूटता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लाखों छात्र सालों मेहनत करते हैं, लेकिन बार-बार परीक्षा रद्द होने और लीक जैसी घटनाओं से उनका भविष्य अधर में लटक जाता है। संगठन ने यह भी कहा कि हाल की घटनाओं के बाद कई छात्र मानसिक तनाव में आए हैं और कुछ छात्रों की मौत की खबरों ने पूरे देश को झकझोर दिया है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया। युवा कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और छात्रों को न्याय मिले। साथ ही NTA की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए और परीक्षा प्रक्रिया में बड़े बदलाव की मांग की गई।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट ‘X’ में कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और छात्रों की मौतें बेहद चिंताजनक हैं। खड़गे ने दावा किया कि कई प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों की वजह से करोड़ों छात्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।




