गोरेगांव में मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.75 करोड़ की हेरोइन जब्त

AI generated image

मुंबई: मुंबई पुलिस की नारकोटिक्स सेल ने गोरेगांव इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 750 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3.75 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर नारकोटिक्स सेल की टीम ने गोरगांव में छापेमारी की। इस दौरान आरोपी के पास से हेरोइन बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किस नेटवर्क के जरिए सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों को आशंका है कि मामले के तार किसी बड़े ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं।

मुंबई पुलिस ने कहा है कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की आगे की जांच जारी है।