
गाजियाबाद: सावन कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही को देखते हुए गाजियाबाद जिला प्रशासन ने 4 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक जिले के सभी स्कूल, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और तकनीकी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक, गाजियाबाद द्वारा जारी आदेश के अनुसार बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड तथा अन्य सभी बोर्डों से संचालित नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालय 4 अगस्त से 12 अगस्त तक बंद रहेंगे।
आदेश में यह भी कहा गया है कि जिले के सरकारी एवं निजी महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और तकनीकी शिक्षण संस्थान भी इसी अवधि में बंद रहेंगे। हालांकि, जिन पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रावण मास के दौरान कांवड़ियों की बड़ी संख्या में आवाजाही और 11 अगस्त को महाशिवरात्रि के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। सभी शिक्षण संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
