अभिनेता सोनू सूद ने राजपाल यादव की मदद का भरोसा दिलाया था। इसके बाद अब म्यूजिक कंपनी जैम ट्यून्स (Gem Tunes) के प्रोड्यूसर राव इंद्रजीत यादव ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने राजपाल यादव की आर्थिक मदद के लिए 1 करोड़ 11 लाख रुपये देने की घोषणा की है। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोग इस फैसले की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
राव इंद्रजीत यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उन्हें राजपाल यादव की पीड़ा और हालत के बारे में जानकारी मिली, जिसे देखकर उनका मन बेहद दुखी हुआ। उन्होंने कहा कि राजपाल यादव सिर्फ एक शानदार कलाकार ही नहीं, बल्कि एक अच्छे इंसान भी हैं। ऐसे समय में उनका साथ देना मानवता का फर्ज है।
उन्होंने यह भी बताया कि जैम ट्यून्स फैमिली की ओर से राजपाल यादव को 1 करोड़ 11 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही उनकी लीगल टीम भी इस मामले में मदद कर रही है, ताकि कानूनी प्रक्रिया को सही तरीके से आगे बढ़ाया जा सके। राव इंद्रजीत यादव ने आम लोगों से भी अपील की कि वे इस मुश्किल समय में राजपाल यादव और उनके परिवार का साथ दें।
राजपाल यादव हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने कॉमेडियन हैं और उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में अपनी एक्टिंग से लोगों को खूब हंसाया है। लेकिन हाल के दिनों में कानूनी परेशानियों के चलते उनका जीवन तनाव में आ गया था। उनकी स्थिति सामने आने के बाद फैंस और कई नामी लोग उनके समर्थन में खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि अभी भी इस मामले में पूरी रकम चुकाने के लिए कुछ और राशि की जरूरत है. ऐसे में यह मदद राजपाल यादव के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है। सोशल मीडिया पर लोग उम्मीद जता रहे हैं कि बाकी रकम भी जल्द जुट जाएगी और राजपाल यादव इस संकट से बाहर निकल पाएंगे।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर दिखा दिया कि मुश्किल समय में इंसानियत और सहयोग कितनी बड़ी ताकत बन सकता है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि आगे राजपाल यादव का मामला किस तरह सुलझता है और उन्हें इस परेशानी से कब राहत मिलती है।




