एम्स्टर्डम पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, भारत-नीदरलैंड संबंधों को नई ऊंचाई देने पर जोर

प्रधानमंत्री के इस दौरे में व्यापार, सेमीकंडक्टर, रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा सहयोग रहेगा प्रमुख, दोनों देशों के बीच 27.8 अरब डॉलर का व्यापार होने की संभावना साथ ही नीदरलैंड भारत का चौथा सबसे बड़ा निवेशक बनेगा

एम्सटर्डम पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी | Photo source : news agency
एम्सटर्डम पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी | Photo source : news agency

16 मई 2026: नई दिल्ली/एम्स्टर्डम : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण में नीदरलैंड पहुंच गए हैं। एम्स्टर्डम पहुंचने पर उनका डच अधिकारियों और भारतीय समुदाय ने स्वागत किया। यह यात्रा भारत और नीदरलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान डच प्रधानमंत्री रॉब जेटन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बातचीत में व्यापार, रक्षा, सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा, जल प्रबंधन, कृषि और तकनीकी सहयोग जैसे मुद्दों पर फोकस रहेगा। पीएम मोदी नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से भी मुलाकात करेंगे। 

प्रधानमंत्री मोदी ने एम्स्टर्डम पहुंचने के बाद कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते ने व्यापार और निवेश संबंधों को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि यह दौरा सेमीकंडक्टर, क्लीन एनर्जी, जल प्रबंधन और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का अवसर है। 

विदेश मंत्रालय के अनुसार, हाल के वर्षों में भारत-नीदरलैंड संबंध पारंपरिक व्यापार और कृषि सहयोग से आगे बढ़कर रक्षा, समुद्री सुरक्षा, नवाचार और हरित प्रौद्योगिकी तक पहुंचे हैं। वर्ष 2024-25 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 27.8 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जबकि नीदरलैंड भारत का चौथा सबसे बड़ा विदेशी निवेशक बन चुका है। भारत में डच निवेश का कुल मूल्य लगभग 55.6 अरब डॉलर बताया गया है। 

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत यूरोप के साथ आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को तेजी से विस्तार देने की दिशा में काम कर रहा है।