RSS प्रमुख मोहन भागवत जिस ट्रेन में थे सवार, उस पर हुआ पथराव

नई दिल्ली/फिरोजाबाद: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत जिस स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस से दिल्ली आ रहे थे, उस ट्रेन पर उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पथराव की घटना सामने आई है। घटना में ट्रेन के कोच की खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि मोहन भागवत और अन्य यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

रेलवे पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार शाम करीब 7:20 बजे हुई, जब कानपुर से दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस फिरोजाबाद जिले में मक्कनपुर स्टेशन पार कर चुकी थी। इसी दौरान चलती ट्रेन के E-1 कोच पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर फेंक दिया, जिससे खिड़की का बाहरी शीशा टूट गया। मोहन भागवत इसी कोच में यात्रा कर रहे थे, लेकिन उनकी सीट दूसरी ओर होने के कारण उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन को टुंडला जंक्शन के बाहरी क्षेत्र में रोका गया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।

आगरा जोन के एडीजी एस.के. भगत और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वजह और जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।

गौरतलब है कि इसी वर्ष फरवरी में हरदोई के पास मोहन भागवत की मौजूदगी वाली वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी पथराव की घटना हुई थी। ऐसे में एक बार फिर ट्रेन सुरक्षा और वीआईपी यात्राओं के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।