9 और 10 अगस्त को कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा, यूपी सरकार ने जारी किया विस्तृत कार्यक्रम

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने इस वर्ष भी सावन कांवड़ यात्रा को भव्य, सुरक्षित और श्रद्धामय बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। इसी क्रम में 9 और 10 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर कांवड़ यात्रियों का हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। सरकार ने इसके लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 9 अगस्त को हेलीकॉप्टर सुबह करीब 8 बजे लखनऊ से बागपत के लिए रवाना होगा। सुबह 10:30 बजे से 11:15 बजे तक बागपत, 11:45 बजे से 12:45 बजे तक सहारनपुर, दोपहर 1:30 बजे से 2:15 बजे तक मुजफ्फरनगर और शाम 3:45 बजे से 4:30 बजे तक मेरठ में कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। पहले दिन हेलीकॉप्टर की कुल उड़ान अवधि करीब 6 घंटे 10 मिनट निर्धारित की गई है।

10 अगस्त को कार्यक्रम के दूसरे चरण में हेलीकॉप्टर मेरठ से उड़ान भरकर सुबह 8:30 बजे से 9:15 बजे तक गाजियाबाद, 9:45 बजे से 10:30 बजे तक हापुड़ तथा 11:15 बजे से दोपहर 12 बजे तक बुलंदशहर में शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा करेगा। इन स्थानों पर बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की है।

सरकार ने संबंधित जिलों के प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों को निर्देश दिए हैं कि पुष्पवर्षा कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल, ड्रोन और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी भी की जाएगी।

योगी सरकार का कहना है कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक परंपरा का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य से श्रद्धालुओं के सम्मान, सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी पुष्पवर्षा सहित कई विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।