16 मई 2026, नई दिल्ली/ होशियारपुर: जाको राखे साइंयां मार सके न कोय, पंजाब के होशियारपुर में खुले बोरवेल में गिरे चार वर्षीय बच्चे गुरूकरण सिंह को करीब नौ घंटे लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के सकुशल बाहर आते ही मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने राहत की सांस ली। 20 से 30 फुट गहरे बोरवेल से उसे बचाव दल ने रात 12:40 पर बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक बच्चा खेलते समय अचानक खुले बोरवेल में गिर गया था। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाने के साथ लगातार उसकी निगरानी की। बचाव अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से बोरवेल के समानांतर गड्ढा खोदा गया और काफी सावधानी के साथ बच्चे तक पहुंच बनाई गई। करीब नौ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर पंजाब के मंत्री डॉ रवजोत सिंह और सांसद डॉ राज कुमार चब्बेवाल बचाव दल के साथ मौजूद थे।
अधिकारियों के अनुसार, बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई है। घटना के बाद प्रशासन ने खुले बोरवेल को सुरक्षित तरीके से बंद करने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।




