हिसार के गाँव में ३ जिन्दा जले

सभी एक ही परिवार के, चार गंभीर रूप से झुलसे

हरियाणा के हिसार जिले के उकलाना के गांव भैरी अकबरपुर के पास शुक्रवार देर रात एक घर में धमाके के बाद आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग जिन्दा जल गए जबकि चार गंभीर रूप से घायल हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक घायलों को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आग का कारण शॉट सर्किट बताया गया है। हादसे में घायल लोगों के मुताबिक परिवार के सभी आठ सदस्य घर में सो रहे थे। आधी  रात करीब दो बजे धमाके के बाद आग फ़ैल गई। घर से सभी तारों से धुंआ और आग निकल रही थी। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। रास्ता खराब होने के कारण एंबुलेंस और फायर बिग्रेड की गाड़ियों को घटनास्थल पर पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

पुलिस रात करीब तीन बजे मौके पर पहुँची। पुलिस के मुताबिक घर में सुरेश और उसके भाई के परिवार के आठ लोग सो रहे थे। आग लगने के कारण सुरेश की पत्नी सुमन, बेटी निशा और रजनी की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों के शव सुबह चार बजे नागरिक अस्पताल में भेजे गए। हादसे में सुरेश, उनकी भतीजी अंजू, चेतना और आरती झुलस गईं। रजत और गीता को सुरक्षित बचा लिया गया।