साध्वी प्रज्ञा संसदीय रक्षा मंत्रालय समिति से बाहर

भाजपा की कार्रवाई, कल ही गोडसे की संसद में की थी तारीफ़

संसद में बुधवार को महात्मा गांघी के हत्यारे नाथू राम गोडसे की तारीफ़ करने वाली भोपाल से अपनी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह को आखिर भाजपा ने संसदीय रक्षा मंत्रालय की सलाहकार समिति से बाहर कर दिया है। मालेगांव ब्लास्ट में आरोपी प्रज्ञा सिंह को इस समिति में शामिल करने पर विपक्ष ने भाजपा की कड़ी आलोचना की थी लेकिन भाजपा के कई नेताओं ने इसे सही ठहराया था। प्रज्ञा भाजपा की संसदीय बैठकों में भी नहीं जा पाएंगी।

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गुरूवार सुबह कहा कि जिस तरह पार्टी की सांसद प्रज्ञा सिंह ने संसद में गोडसे की तारीफ़ की, उसे पार्टी बिलकुल गलत मानती है। इसकी इजाजत नहीं दी सकती। नड्डा ने कहा – ”पार्टी ने फैसला किया है कि साध्वी प्रज्ञा सिंह संसदीय रक्षा मंत्रालय सलाहकार समिति में नहीं रहेंगी।”

इस तरह अपने बचनों से अपयश कमाने वाली साध्वी प्रज्ञा को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने बुधवार को लोकसभा में एसपीजी बिल पर बहस के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा  गांधी के हत्यारे नाथू राम गोडसे की तारीफ़ की थी जिसपर कांग्रेस सहित विपक्ष ने खूब हंगामा किया था।

वैसे जब साध्वी प्रज्ञा को इस समिति का सदस्य बनाया गया था, उसी वक्त कांग्रेस सहित विपक्ष ने भाजपा की इसके लिए कड़ी निंदा की थी क्योंकि साध्वी प्रज्ञा मालेगांव लास्ट में आरोपी हैं। वे भाजपा की संसदीय बैठकों में भी नहीं जा पाएंगी