संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आप के कार्यकर्ताओं का दिल्ली से लेकर मुंबई तक प्रदर्शन, दिल्ली भाजपा नेता पहुंचे राजघाट

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को दिल्ली शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार किया था।

आप नेता संजय सिंह को ईडी ने करीब 10 घंटे से ज्यादा चली लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। और गुरुवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार ईडी संजय सिंह की रिमांड की मांग करेगी। वहीं ईडी के सूत्रों के मुताबिक सरकारी गवाह दिनेश अरोड़ा ने कहा कि उसने संजय सिंह को करोड़ों रूपये दिये हैं। सीबीआई ने दिनेश अरोड़ा और संजय सिंह के बीच लेनदेन साबित किया है।

संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आप कार्यकर्ताओं प्रदर्शन कर रहे है। आप के विरोध प्रदर्शन पर दिल्ली के स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर देपेंद्र पाठक ने कहा कि, धीरे-धीरे भीड़ जमा हो रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस यहां मौजूद है।

वहीं दूसरी तरफ दिल्ली भाजपा के कुछ नेता राजघाट पहुंचे है। भाजपा सांसद परवेश साहिब सिंह ने कहा कि, “यह गांधी जी का स्मारक है जिन्होंने हमेशा शराब का विरोध किया था लेकिन अरविंद केजरीवाल ने अपनी ही बात नहीं मानी। मुझे लगता है की गांधी जी की प्रेरणा और आशीर्वाद से यह सब हो रहा है कि शराब घोटाले का मामला सामने आया है और उनके नेता एक के बाद एक जेल जा रहे है। वह दिन दूर नहीं जब शराब नीति के मास्टरमाइंड अरविंद केजरीवाल भी जेल जाएंगे।”