शीला दीक्षित का निधन

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का निधन हो गया है। वर्तमान में वो दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष थीं। मुख्यमंत्री रहते दिल्ली की तस्वीर बदलने के लिए शीला को हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन पर सोनिया गांधी, पीएम नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी सहित कई बड़े नेताओं ने दुःख व्यक्त किया है।
उनका निधन एस्कॉर्ट अस्पताल में शनिवार दोपहर हुआ। उनकी आयु ८१ वर्ष थी और दो महीने पहले उन्होंने लोक सभा का चुनाव भी लड़ा था। शीला को बहुत कुशल मुख्यमंत्री माना जाता था। अपने १५ साल के मुख्यमंत्री के काल में शीला का कभी  लेफ्टिनेंट गवर्नर या उस समय के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी या केंद्र सरकार से टकराव नहीं हुआ।
कुछ महीने पहले दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष बनते समय उन्होंने कहा था कि नेता कभी बूढ़ा नहीं होता। शीला नेता के तौर बहुत सम्मानित रहीं और सभी दलों के नेता उनका सम्मान करते थे।