शत्रु की पत्नी पूनम सपा में शामिल

लखनऊ सीट पर दे सकती हैं राजनाथ सिंह जैसे दिग्गज को टक्कर

फिल्म स्टार शत्रुघ्न सिन्हा कुछ रोज पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे और मंगलवार को उनकी पत्नी पूनम सिन्हा समाजवादी पार्टी में शामिल हो गईं। आज ही गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ सीट से परचा भरा है जो भाजपा के प्रत्याशी हैं। सम्भावना है कि पूनम सिन्हा १८ अप्रैल को यहाँ से राजनाथ सिंह के खिलाफ सपा (संभवता  सपा-बसपा-कांग्रेस) की साझी उम्मीदवार के तौर पर राजनाथ सिंह के खिलाफ  नामांकन दाखिल कर सकती हैं।
पूनम सिन्हा का लखनऊ से वैसे सीधा कोइ नाता नहीं है। शायद उन्हें लखनऊ में कायस्थ मतदाताओं की अच्छी संख्या के कारण उम्मीदवार बनाने की तैयारी की गयी है। लखनऊ में करीब ढाई लाख कायस्थ मतदाता हैं।
पूनम खुद सिंधी परिवार से आती हैं और सिंधी वोटरों का भी अच्छा बैंक इस सीट पर है। पूनम के नाम के साथ  शत्रुघ्न सिन्हा जैसा स्टारडम भी जुड़ा है। इसके अलावा कांग्रेस-सपा-बसपा के वोट भी उन्हें मिल सकते हैं। परसों ही इस सीट पर परचा भरने की आख़िरी तारीख है।
पूनम सिन्हा ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव से भेंट की और लखनऊ से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। राजधानी लखनऊ की सीट हाई-प्रोफाइल सीट है और राजनाथ सिंह २०१४ के चुनाव में इस सीट से लड़ने आये थे। उससे पहले वे गाज़ियाबाद के लड़ते रहे हैं। अब गठबंधन की तरफ से सपा प्रत्याशी के रूप में पूनम सिन्हा उन्हें टक्कर दे सकती हैं।
सपा लखनऊ सीट से किसी ऐसे चेहरे को मैदान में उतारने की कोशिश में थी, जो राजनाथ सिंह को टक्कर देता दिखे। पिछले दिनों शत्रुघ्न सिन्हा की भी सपा मुखिया अखिलेश यादव से मुलाक़ात भी हुई थी जिसमें पूनम को लखनऊ से टिकट की चर्चा हुए थी। कांग्रेस ने राजनाथ सिंह के खिलाफ जितिन प्रसाद,  प्रमोद तिवारी और हिन्दू महासभा के स्वामी चक्रपाणि महाराज को लेकर चर्चा की लेकिन बात नहीं बन पाई थी। अब कांग्रेस पूनम का समर्थन करेगी।