राजौरी-पुंछ में पाकिस्तान की गोलीबारी में जेसीओ सहित 3 जवान शहीद

सीमा पर पाकिस्तान लगातार युद्धविराम उल्लंघन कर रहा है और उसकी तरफ से गोलीबारी की घटनाएं बढ़ गयी हैं। नई घटना में जम्मू संभाग के सुंदरबनी सैक्टर में शुक्रवार को सेना के 2 जवान शहीद हो गए जबकि गुरुवार देर शाम पुंछ सेक्टर में एक जेसीओ शहीद हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी सेना ने जम्मू संभाग के राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में भारतीय चौकियों और नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलीबारी की।

सेना प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने शुक्रवार कहा कि पाकिस्तान सेना ने आज सुबह राजौरी के सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास  युद्धविराम उल्लंघन किया और गोलीबारी की। भारतीय सेना ने दुश्मन की गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। प्रवक्ता के मुताबिक पाकिस्तानी फाइरिंग के बाद लगी आग बुझाते हुए सेना के दो जवान नाइक प्रेम बहादुर खत्री और राइफलमैन सुखबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक सुखबीर सिंह पंजाब के तरनतारन जिले के खवासपुरा और प्रेम बहादुर खत्री यूपी के महाराजगंज जिले के सरोजनी नगर के रहने वाले थे।

पुंछ सेक्टर में गुरुवार शाम एक जूनियर कमीशंड अफसर (जेसीओ) भी शहीद  हो गए थे जब पाकिस्तानी सैनिकों ने अंधाधुंध मोर्टार दागे। उनका नाम सूबेदार स्वतंत्र सिंह था।  पाक हमले में एक नागरिक भी घायल हो गया। सिंह उत्तराखंड के कोटद्वार तहसील के ओडियारी गांव के रहने वाले थे।