भारत जोड़ो यात्रा 2.0 पिछली बार से होगी अलग, रथ या किसी वाहन से राहुल करेंगे पूरा सफर

यात्रा में निरंतरता भी बनानी है, चुनावी राज्यों को भी साधना है और घुटनों में परेशानी के चलते डॉक्टर की पैदल न चलने की सलाह के बीच 2 अक्टूबर से गुजरात से शुरू हो सकती है यात्रा…

कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा 2.0 फिर से निकालने जा रही है। लेकिन इस बार इसमें कुछ तब्दीलियाँ की जाएंगी। कांग्रेस के वायनाड सांसद राहुल गांधी ने पिछले वर्ष सितंबर में तमिलनाडु के कन्याकुमारी से कश्मीर तक करीब 3 हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी इस यात्रा में तय की थी और इस वर्ष यात्रा को सितंबर, अक्टूबर और नवंबर माह में निकालने का प्रस्ताव रखा गया है जिसपर पार्टी के वरिष्ठ नेता मंथन कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार राहुल गांधी के सलाहकारों ने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को देखते हुए और उनकी यात्रा में निरंतरता बनाए रखने के चलते भारत जोड़ो यात्रा 2.0 निकालने की सलाह दी है। किंतु यह जानकारी निकलकर सामने आ रही है कि राहुल गांधी के घुटनों में परेशानी है जिसका इलाज 10 दिनों तक केरल में चला। इस परेशानी के कारण डॉक्टर ने उन्हें साफ तौर पर पैदल चलने से मना भी कर दिया है। घुटनों में लंबे समय से चली आ रही परेशानी के कारण और डॉक्टर की सलाह पर अमल करते हुए राहुल इस बार यात्रा को पैदल न चलकर किसी वाहन में पूरा करेंगे।

वायनाड सांसद राहुल गांधी के घुटने में परेशानी इस कदर बढ़ गयी है कि उन्हें अपना इलाज केरल में कराना पड़ा और उनकी दिनचर्या में शामिल रोजाना 12 किलोमीटर पैदल चलने के व्यायाम करने से उनके डॉक्टर ने उन्हें साफ मना कर दिया है जिसके कारण उन्होंने अपनी दिनचर्या में शामिल 12 किलोमीटर की पैदल चलने के व्यायाम पर भी रोक लगा दी हैं।

किसी जानकार ने बताया कि, इस बार भारत जोड़ो यात्रा 2.0 पिछली बार निकाली गई यात्रा से कुछ अलग होगी। इस बार यात्रा पैदल न चलकर रथ या किसी वाहन (बस, कार) द्वारा निकाली जाएगी। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा 2.0 की शुरुआत 2 अक्टूबर से गुजरात के पोरबंदर से कर सकते हैं और इसका समापन नॉर्थ ईस्ट में अरुणाचल प्रदेश के लोहित जिले के परशुराम कुंड में हो सकता है। दूसरे चरण की भारत जोड़ो यात्रा में चुनावी उत्तर, मध्य और पश्चिम भारतीय राज्यों को कवर करने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में मंथन चल रहा हैं।

जानकार ने बताया कि, इन दिनों राहुल गांधी जनता के बीच काफी सक्रिय बने हुए है। साथ ही राहुल गांधी का दाढ़ी रखना, मोटर साइकिल चलाना, टी-शर्ट पहनना, मोटर साइकिल मैकेनिक से मिलना, इंस्टाग्राम पर पोस्ट डालना, किसानों और रामेश्वर को अपने घर बुलाकर खाना खिलाना यह सब कुछ साधारण नहीं है। इसके पीछे एक सोची समझी रणनीति है। देश के संख्या में सबसे ज्यादा और युवा तबके को आकर्षित करने के लिए राहुल गांधी यह सब कर रहे है।

सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी चुनावी राज्यों- राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मिजोरम को भी कवर कर सकते हैं। हालांकि पार्टी ने अभी यात्रा का मार्ग नक्शा और औपचारिक रूप से इसकी योजनाओं के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की हैं।