प्रदर्शन के मद्देनजर कनॉट प्लेस रहेगा बंद, दुकानें, कार्यालय और रेस्तरां संचालकों को बंद रखने की सलाह

An AI-generated representative image

नई दिल्ली | तहलका न्यूज | स्नेहलता
दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र कनॉट प्लेस में आज कारोबार प्रभावित रहने की आशंका है। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कनॉट प्लेस की दुकानों, कार्यालयों और रेस्तरां सहित अन्य प्रतिष्ठानों को एहतियातन बंद रखने की सलाह दी है।

एसोसिएशन के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान संभावित तनाव, यातायात में बाधा और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका को देखते हुए कारोबारियों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। एसोसिएशन ने प्रतिष्ठान संचालकों से सहयोग करने को कहा है, ताकि किसी अप्रिय घटना और जान-माल के नुकसान से बचा जा सके।

प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था सख्त

जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। दिल्ली यातायात पुलिस ने भी 10 अक्टूबर के लिए यातायात संबंधी परामर्श जारी किया है। इसके तहत मध्य दिल्ली के कुछ मार्गों पर आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।

कनॉट प्लेस दिल्ली का प्रमुख कारोबारी, खरीदारी और खानपान केंद्र है। ऐसे में प्रतिष्ठानों को बंद रखने की सलाह से शनिवार के कारोबार और यहां आने वाले लोगों की आवाजाही पर असर पड़ सकता है।