दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर केंद्र सतर्क, केंद्रीय गृह सचिव ने सभी राज्यों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश

An AI-generated representative image

नई दिल्ली | तहलका न्यूज | स्नेहलता
दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह  मोहन ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पुलिस प्रमुखों को सतर्क रहने और दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा है। यह निर्देश कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर जारी किया गया है।

 गृह सचिव ने अपने पत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका का उल्लेख किया है। राज्यों को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आने वाले समूहों की गतिविधियों पर नजर रखने, खुफिया सूचनाएं साझा करने और जरूरत के अनुसार कानूनी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्यों की सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश

केंद्र ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से कहा है कि वे अपने पुलिस बलों को सतर्क रखें और दिल्ली पुलिस के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें। पत्र में आशंका जताई गई है कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले कुछ समूह प्रतिबंधात्मक आदेशों के बावजूद दिल्ली में प्रवेश करने की कोशिश कर सकते हैं।

गृह सचिव ने सार्वजनिक शांति बनाए रखने और महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों सहित संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। राज्यों को वास्तविक समय में खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के लिए भी कहा गया है।

दिल्ली में 23 हजार से अधिक केंद्रीय सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था

प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 221 कंपनियां, यानी लगभग 23,000 कर्मियों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा योजना में बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती शामिल है।

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। इसके बावजूद प्रदर्शन के लिए लोगों के दिल्ली पहुंचने की आशंका को देखते हुए केंद्र और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाया गया है।

यातायात और सार्वजनिक परिवहन पर भी असर

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशनों पर प्रवेश और निकास संबंधी प्रतिबंध लगाए गए हैं।