पैसे के जोर पर सरकारें गिरा रही भाजपा : राहुल ने कहा

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि ”दबाने और डराने” की कोशिश हो रही है। पैसे के जोर पर विपक्ष की सरकारें गिराने की कोशिश हो रही है।
राहुल ने कहा – ”मैं इससे नहीं डरता हूं। यह संविधान की लड़ाई है। देश के भविष्य की लड़ार्ई है। भ्रष्टाचार और अत्याचार के खिलाफ लड़ाई है। मैं खड़ा रहूंगा, लड़ता रहूंगा।” नोटबंदी के दौरान गुजरात के अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक (एडीसीबी) पर  ७४५ करोड़ रुपये ब्लैकमनी को व्हाइट कराने के आरोप वाले ब्यान पर मानहानि मामले में जमानत मिलने के बाद राहुल ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर भी बिना उसका नाम लिए हमला बोला।
इस मौके पर राहुल ने आरोप लगाया कि दबाने और डराने की कोशिश हो रही है।
राहुल गांधी ने भाजपा पर कर्नाटक सरकार को गिराने के लिए धन बल का उपयोग करने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा – ”भाजपा राज्य सरकार को गिराने के लिए धन बल का इस्तेमाल करती है जहां चाहे वहां धमकी दे सकती है। आपने इसे गोवा में, नॉर्थ-ईस्ट में देखा था। वे इसे अब कर्नाटक में करने की कोशिश कर रहे हैं। यह उनका तरीका है। उनके पास पैसा है, शक्ति है, इसलिए वे इसका उपयोग कर रहे हैं।”