पीएम मोदी की अपील का असर, गोवा सीएम प्रमोद सावंत ने आधा किया काफिला

प्रधानमंत्री की अपील का असर धीरे-धीरे सरकारी हलकों में दिखने लगा है। देश के कई मंत्रियों के साथ साथ गोवा से सीएम प्रमोद सावंत ने भी ईंधन बचत और मितव्ययिता को बढ़ावा देने के लिए अपने काफिले में छह से घटाकर तीन वाहन कर दिये।

CM Pramod Sawant | photo source : motoringworld.in
CM Pramod Sawant | photo source : motoringworld.in

14 मई 2026, नई दिल्ली/पणजी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  की ईंधन बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण इस्तेमाल की अपील के बाद प्रमोद सावंत  ने अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या आधी कर दी है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के मुताबिक, पहले मुख्यमंत्री के काफिले में छह वाहन शामिल रहते थे, लेकिन अब उनकी आधिकारिक कार समेत केवल तीन वाहन ही रह गए हैं। यह फैसला ईंधन की खपत कम करने और सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

सीएमओ के एक अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा मितव्ययिता अपनाने की अपील के बाद मुख्यमंत्री सावंत ने तुरंत अपने काफिले में वाहनों की संख्या घटाने का निर्देश दिया। दरअसल, पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में ईंधन बचाने और संसाधनों के जिम्मेदार इस्तेमाल पर जोर दिया था। इसके बाद उन्होंने खुद भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर उदाहरण पेश किया।

प्रधानमंत्री की इस पहल के बाद कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने भी इसी तरह के कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। माना जा रहा है कि इससे सरकारी खर्च में कमी आने के साथ-साथ ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।