नृत्य गोपाल दास राम मंदिर ट्रस्ट, नृपेंद्र मिश्र निर्माण समिति के अध्यक्ष नियुक्त

नृत्य गोपाल दास अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष बनाये गए हैं। उनके अलावा विश्व हिन्दू परिषद् (विहिप) के चंपत राय को महासचिव जबकि गोविंद गिरी को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के पूर्व प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्र को निर्माण समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।

ट्रस्ट की आज पहली बैठक हुई जिसमें यह फैसला किया गया। केंद्र सरकार ने कुछ समय पहले ही मंदिर ट्रस्ट का ऐलान किया था। महंत नृत्य गोपाल दास अयोध्या आंदोलन से जुड़े रहे हैं जबकि विहिप नेता चंपत राय भी राम मंदिर आंदोलन में अहम किरदार निभाने वाले माने जाते हैं। ट्रस्ट की घोषणा करते समय इन दोनों के ही नाम  ट्रस्टियों की सूची में नहीं थे। दोनों ने पूरे राम मंदिर आंदोलन में अहम भूमिका निभाई थी।

नृत्यगोपाल दास लगातार मंदिर निर्माण के लिए होने वाले कार्यों में अगुवा की भूमिका निभाते रहे हैं। उनके ही नेतृत्व में राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा एकत्र किया जाता रहा है। उनपर बाबरी विध्वंस में शामिल रहने का आरोप भी रहा है और इसे लेकर उनपर लखनऊ की सीबीआई कोर्ट में मुकदमा चल रहा है।

विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय भी राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे हैं। राय अयोध्या में ही रह रहे हैं और विहिप के कार्य को विस्तार दे रहे हैं।  इसी का नतीजा है कि उन्हें राम मंदिर ट्रस्ट में शामिल करने का फैसला किया गया। विश्व हिंदू परिषद ने ही राम मंदिर निर्माण के आंदोलन को खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई थी।