दिल्ली में सभी सात सीटों पर लड़ेंगे चुनाव- कांग्रेस

दिल्ली में आज (बुधवार) आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक हुई। कांग्रेस ने अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में सभी सात सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

बैठक दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में हुई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में हुई बैठक में राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी, प्रभारी दीपक बावरिया समेत में पार्टी के कुल 35 नेता मौजूद रहे।

सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में कांग्रेस नेतृत्व ने लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) से गठबंधन नहीं करने का संकेत दिया, नेतृत्व ने सभी 7 सीटों पर तैयारी करने का निर्देश दिया और राहुल गांधी ने हाल ही में अलग-अलग वर्ग के लोगों से अपनी मुलाकात का अनुभव भी साझा किया।

साथ ही बैठक के बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी दिल्ली की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और आज की इस बैठक में आप से फिर गठबंधन की कोई चर्चा नहीं हुई।

बता दें, अगले साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को हराने के लिए विपक्ष की 26 पार्टियों ने मिलकर इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन बनाया है और उनमें आप भी शामिल है। दिल्ली में तीन मुख्य पार्टियां है जिनमें कांग्रेस, भाजपा और आप शामिल है। ऐसा माना जा रहा है कि कांग्रेस का सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला एक बड़ा फैसला है।