हिमाचल के किन्नौर में भूस्खलन के कारण कई वाहन मलबे में दबे

हिमाचल के किन्नौर में बुधवार की दोपहर भूस्खलन के बाद कई वाहन मलबे में दब गए। इस मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

किन्नौर के रिकांग पियो-शिमला हाईवे पर तकरीबन दोपहर के 12.45 मिनट पर भूस्खलन हुआ था। रिपोर्ट्स के मुताबिक शिमला जा रही बस में करीब 30 से 45 लोग सवार थे।

भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस ने ट्वीट कर बताया,“हिमाचल प्रदेश में किन्नौर जिले में रिकांगपिओ-शिमला राजमार्ग पर आज लगभग 12.45 बजे भूस्खलन की सूचना मिली। एक ट्रक, एक एचआरटीसी बस और कुछ वाहन मलबे में दब गए। कई लोगों के फंसे होने की सूचना है। आईटीबीपी की टीमें बचाव के लिए दौड़ी। अधिक विवरण की प्रतीक्षा है।“

मौके पर एनडीआरएफ की टीमें व स्थानीय प्रशासन सहित पुलिस भी बचाव कार्य में लगातार जुटी हुई है।

पिछले कुछ हफ्तों में हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में लगातार भारी बारिश के कारण कई भूस्खलन हुए है, जिससे कई गांवों में पानी के तेज प्रवाह से अनेकों लोगों की जान भी गई है।