हिमाचल की प्रशानिक अधिकारी पत्नी के भाजपा विधायक पति पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के आरोप से पहाड़ी सूबे में राजनीतिक तूफ़ान

प्रशासनिक अधिकारी (एचएएस) पत्नी के अपने भाजपा विधायक पति पर कथित तौर पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाने के बाद हिमाचल की राजनीति में तूफ़ान उठ खड़ा हुआ है। इन एचएएस अधिकारी का पति पर आरोपों वाला वीडियो वायरल हो गया है।  महिला अधिकारी ओशीन शर्मा ने विधायक पति विशाल नेहरिया के खिलाफ बाकायदा शिकायत दर्ज करके मारपीट के आरोप लगाते हुये पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
विशाल नेहरिया धर्मशाला से भाजपा के विधायक हैं और 2019 में एक उपचुनाव में उनकी जीत हुई थी। कुल्लू में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के दौरे में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के बीच मारपीट की घटना के बाद अब इन आरोपों से प्रदेश भाजपा और जयराम ठाकुर सरकार की मुसीबतें बढ़ गयी हैं।
उधर विधायक विशाल नेहरिया ने जिला पुलिस प्रमुख विमुक्त रंजन से मिलकर आपका पक्ष रखा है। विधायक का कहना है कि उन दोनों की पहसे से पहचान और दोस्ती थी और यही विवाह में बदली। विधायक के मुताबिक शादी के कुछ समय बाद
ओशीन के परिवार ने कथित तौर पर उनके और परिवार के ऊपर मानसिक दबाव बनाने शुरू कर दिए। विधायक के मुताबिक चूँकि यह परिवार का मामला था उन्होंने घर के भीतर ही इसे निपटाने की कोशिश की और पत्नी को भी समझाया। विधायक के मुताबिक पद की गरिमा को समझते हुए उन्होंने घर की बात घर में सुलझाने की कोशिश की और अब भी यही चाहते हैं कि इसे सामजिक और राजनीतिक तूल न दिया जाए। कांगड़ा पुलिस अधीक्षक विमुक्त रंजन ने भाजपा विधायक विशाल नेहरिया के खिलाफ उनकी एचएएस अधिकारी पत्नी ओशीन की तरफ से शिकायत और विधायक के अपना पक्ष रखने की पुष्टि की है।
उधर एचएएस अधिकारी ओशीन शर्मा ने साढ़े सात मिनट के वीडियो में भाजपा विधायक पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक जगह वह कह रही हैं कि चंडीगढ़ में जब वह एक होटल में रुके थे, तब भी विधायक पति ने उन से जमकर मारपीट की। यहाँ तक कि हाल में  कोरोना से संक्रमित होने के बावजूद उनसे पति ने मारपीट की और आधी रात घर से निकाल दिया। यही नहीं उनका फोन तक छीन लिया गया। घर से बाहर  जब वह सड़क किनारे खड़ी थी तो नेहरिया वहां पहुंचे और उन्हें वापस घर जाने की बात कही। महिला अधिकारी के मुताबिक साथ ही पति ने कहा कि अगर वह घर नहीं जाएंगी तो वह खुद को कोई नुकसान पहुंचा लेंगे।
वीडियो में महिला अधिकारी कहती सुन रही हैं कि बचने के लिए उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया। उनके मुताबिक विधायक पति चाहते थे कि वह गर्भवती हों, लेकिन इस तरह के हालात में वह ऐसा नहीं चाहती हैं। वीडियो में ओशीन ने नेहरिया की मां पर भी आरोप लगाया है।
ओशिन शर्मा के आरोप के मुताबिक विधायक पति ने गुरुवार को भी उन्हें तीन बार थप्पड़ मारे। उन्हें यह आरोप लगाते हुए भी सुना जा सकता है कि नेहरिया ने पहले भी कई बार शारीरिक और मानसिक यातना दी हैं। नेहरिया और ओशिन की इसी 26 अप्रैल को शादी हुई थी। ओशिन गुरुवार की कथित घटना के बाद मायके चली गयी हैं। उनके मुताबिक कुछ समय बाद उन्हें ट्रेनिंग पर जाना है और वे नहीं चाहतीं कि उनके पति उनके पीछे आएं।
वीडियो में एक जगह ओशीन शर्मा मारपीट के बाद अपने गाल पर थप्पड़ से बनी उँगलियों के निशान भी दिखा रही हैं। ओशीन खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के पद पर तैनात हैं। इतने गंभीर आरोपों के बाद भाजपा विधायक की मुश्किलें बढ़ गयी हैं क्योंकि यह मामला राजनीतिक रूप से तूल पकड़ गया है। जानकारी के मुताबिक धर्मशाला के ही कई भाजपा नेताओं, जो नेहरियाँ से राजनीतिक मतभेद रखते हैं, ने दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी महिला अधिकारी के आरोपों वाला वीडियो भेजा है।
महिला अधिकारी ने पुलिस में दर्ज करवाई अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके पति राजनीतिक रूप से प्रभावशाली हैं लिहाजा उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर  खतरा है। उन्होंने पुलिस में अपनी शिकायत में सुरक्षा की मांग की है।
ओशिन शर्मा के अपने साथ अमानवीय व्यवहार के दो वीडियो अब वायरल हो गए हैं।  ओशिन ने अपने साथ मारपीट के निशान भी दिखाये हैं। वीडियो में ओशीन ने यह भी बताया है कि कालेज समय से ही वह और विशाल प्रेम में हैं। हालांकि, उनके आरोप के मुताबिक कॉलेज समय में भी विशाल उनके साथ मारपीट करते थे। इससे तंग आकर उन्होंने अलग जाना बेहतर समझा और अपने करियर पर फोकस किया। लेकिन जब वे विधायक बने तो 2019 में उनके पास आए और फिर उन्हें विश्वास में लिया जिसके बाद उन्होंने विशाल को एक मौका देने का फैसला किया।
महिला अधिकारी के मुताबिक उसके बाद उनका रिश्ता आगे बढ़ा। विवाह से पहले जब वे एकबार चंडीगढ़ में एक होटल में रुके उस दौरान फिर विशाल ने ड्रिंक करके  उनसे मारपीट की और उन्हें इमोशनली ब्लैकमेल किया। हालांकि, इसके बाद वे विशाल से विवाह के लिए मान गईं और कोर्ट मैरिज कर ली। महिला अधिकारी के मुताबिक शादी के बाद भी उनसे पति की मारपीट जारी रही और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। मजबूरन उन्हें अब यह सब सार्वजनिक करना पड़ रहा है।