सिंघु बार्डर पर पेड़ से लटका मिला शव; किसान मोर्चा की मांग, जांच हो

सिंघु बॉर्डर में एक युवक की हत्या करके उसका शव टांगने की घटना ने तूल पकड़ लिया है। यह शव आज सुबह किसान आंदोलन के एक मंच के पीछे मिला था और उसका हाथ भी कटा हुआ था। किसान मोर्चा ने घटना की कड़ी जांच की मांग की है। उधर कांग्रेस ने भी इसे गंभीर मामला बताते हुए इसकी जांच की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक सिंघू बॉर्डर पर मृत मिले शख्स की पहचान लखबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि लखबीर सिंह को हरनाम सिंह ने 6 साल की उम्र में गोद लिया था। लखबीर सिंह मजदूरी का काम करता था और पंजाब के तरनतारन के गांव चीमा खुर्द का निवासी था। इस 35 साल के व्यक्ति की 3 बेटियां हैं। यह भी कहा जा रहा है कि उसकी पत्नी लखबीर से अलग रह रही थी। लखबीर को नशे की भी लत बताई जा रही है।

संयुक्त किसान मोर्चा ने घटना की निंदा करते हुए जांच की मांग की है। किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने आरोप लगाया कि व्यक्ति की हत्या के पीछे निहंग सिखों का हाथ हो सकता है। राजेवाल ने कहा – ‘उन्होंने (निहंग) इसे स्वीकार कर लिया है। निहंग शुरू से ही हमारे लिए परेशानी पैदा कर रहे हैं।’ उधर पुलिस ने कहा कि उन्हें अभी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है कि घटना के लिए कौन जिम्मेदार है।

सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें कुछ निहंग हत्या की बात स्वीकार करते दिख रहे हैं। इन वीडियो में यह लोग दावा कर रहे कि ‘इस युवक ने कथित तौर पर गुरु ग्रंथ साहिब से बेअदबी की है और उसकी सजा के तौर पर हत्या की गई है’। ‘तहलका’ इन सभी वायरल वीडियो के कंटेंट की पुष्टि नहीं करता है।

पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा है कि वह  वायरल वीडियोज की जांच कर रहे हैं। उधर संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने पूरी घटना से खुद को दूर कर लिया है। किसान संगठन ने कहा कि वह दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए हरियाणा सरकार के साथ सहयोग करने को तैयार है।

जानकारी के मुताबिक शख्स का हाथ काटकर उसके शव को लटका दिया गया। इस घटना का वीडियो दिल दहला देने वाला है। वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि जमीन पर पड़ा युवक तड़प रहा है। पास ही उसका कटा हुआ हाथ पड़ा है। वहां उपस्थित निहंग की भेष वाले लोग गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के आरोप लगा रहे हैं। तड़प रहे शख्स से उसका नाम-पता पूछ रहे हैं और ‘सत श्री अकाल’ नारे लगा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि सुबह पांच बजे उसे सूचना मिली थी कि थाना कुंडली क्षेत्र में किसान आंदोलन इलाके में मंच के पास एक व्यक्ति के हाथ-पैर काटकर लटकाया हुआ है। थाने से एएसआई संदीप टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि शख्स के शरीर पर सिर्फ अंडरवियर था।