सख्त कदम उठाने की सोच रहा भारत : ट्रम्प

''दोनों देशों में स्थिति बेहद तनावपूर्ण, पाक की १.३ अरब डॉलर की मदद रोकी''

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत और पाकिस्तान के बीच वर्तमान स्थिति को ”बेहद तनावपूर्ण” बताते हुए कहा है कि भारत पुलवामा हमले के बाद ”बहुत सख्त कार्रवाई” की सोच रहा है। साथ ही ट्रम्प ने पुलवामा आतंकी हमले, जिसमें भारत के ४० से ज्यादा सुरक्षा बल जवान शहीद हो गए, को दुर्भाग्यपूर्ण  बताया है। उन्होंने पाकिस्तान को १.३ अरब डॉलर की मदद भी रोक दी है।

ओवल ऑफिस में ट्रंप ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा – ”इस वक्त भारत और पाकिस्तान के बीच बहुत-बहुत खराब हालात हैं। एक बेहद खतरनाक स्थिति। हम यह तनाव की स्थिति जल्द खत्म होते देखना चाहते हैं। बहुत सारे लोगों को मार दिया गया है। हम चाहते हैं कि यह फौरन बंद हो। हम इस प्रक्रिया पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं।”

ट्रंप ने दोनों देशों के बीच वर्तमान हालात को बहुत ही खराब और खतरनाक बताया और कहा कि उनकी सरकार दोनों देशों के संपर्क में है और उन्हें उम्मीद है कि कश्मीर घाटी में अशांति की स्थिति जल्द ही खत्म होगी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत ने इस हमले में करीब ५० जवानों को खोया है और वह बहुत सख्त कदम उठाने की सोच रहा है।

गौरतलब है कि इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) ने ली थी। दोनों देशों की सरकारों से बातचीत का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा – ”भारत बहुत सख्त कदम उठाने की सोच रहा है। भारत ने करीब-करीब ५० लोगों को इस हमले में खो दिया है। मैं भी इसे समझ सकता हूं।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा – ”हम इस पर चर्चा कर रहे हैं। बहुत से लोग बात कर रहे हैं। यह बहुत ही नाजुक स्थिति की ओर जाता दिख रहा है। जो भी हुआ है उसकी वजह से भारत और पाकिस्तान के बीच बहुत सी समस्याएं खड़ी हो गई हैं।”

इस मौके पर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने पाकिस्तान के साथ अपने संबंधों को सुधारा है और पाकिस्तान के नेताओं और अधिकारियों के साथ बैठक की तैयारी की जा रही है। ”हम पाकिस्तान के साथ कुछ बैठकें आयोजित करने की तैयारी में हैं। दूसरे राष्ट्रपतियों के कार्यकाल में पाकिस्तान को अमेरिका से काफी लाभ मिला है।”