राहुल के ब्यान पर लोकसभा में भाजपा का हंगामा

देश में बढ़ती रेप और लड़कियों-महिलाओं की बर्बर हत्या की घटनाओं को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ”रेप इन इंडिया” ब्यान पर शुक्रवार को  लोकसभा में भाजपा ने जमकर हंगामा किया। राहुल ने यह ब्यान संसद से बाहर झारखंड के गोड्डा में एक चुनाव सभा में दिया था। उनका कहना ”नरेंद्र मोदी ने कहा था मेक इन इंडिया लेकिन आजकल आप जहां कहीं भी देखते हैं, तो वह रेप इन इंडिया है।
इस ब्यान को लेकर लोकसभा में जमकर हंगामा हुआ। स्मृति इरानी समेत भाजपा  की तमाम महिला सांसदों ने राहुल गांधी पर निशाना साधा और उनसे माफी की मांग की।
हालांकि, डीएमके की सदस्य कनीमोई ने कहा कि राहुल गांधी का ब्यान दरअसल ‘मेक इन इंडिया’ के स्लोगन पर कटाक्ष था और उनके कहने का मकसद देश में बढ़ रहे रेप मामलों को लेकर यह कहना था कि मेक इन इंडिया का क्या यह नारा है कि देश में इस तरह की घटनाएं हों। कनीमोई ने राहुल के ब्यान का बचाव करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं मेक इन इंडिया का मजाक उड़ाती हैं।
गौरतलब है कि झारखंड के गोड्डा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में नरेंद्र मोदी (भाजपा) के विधायक के महिला के साथ बलात्कार का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि यह अभागी  लड़की बाद में एक दुर्घटना की शिकार हुई लेकिन (पीएम) नरेंद्र मोदी ने एक शब्द भी नहीं कहा। बता दें कि लोकसभा के अलावा राज्यसभा में भी शुक्रवार को राहुल गांधी के बयान को लेकर हंगामा हुआ। बाद में स्पीकर ने लोक सभा की कार्यवाही को १२ बजे तक स्थगित कर दिया।
इरानी ने राहुल गांधी के बयान की निंदा करते हुए कहा कि वे (राहुल गांधी) रेप को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। क्या वे चाहते हैं कि महिलाओं के साथ रेप हो? इस दौरान भाजपा की तमाम महिला सांसद लोकसभा में अपनी जगह पर खड़ी हो गईं और राहुल गांधी माफी मांगो के नारे लगाने लगीं।