राज कपूर के छोटे बेटे एक्टर राजीव कपूर का दिल के दौरे से निधन

कपूर परिवार के एक और सदस्य का निधन हो  गया है। एक्टर राजीव कपूर का मंगलवार हार्ट अटैक से निधन हो गया। राजीव अभी महज 58 साल के थे।

बॉलीवुड के लिए यह एक और दुखद खबर है, जिसने हाल के महीनों में ऋषि कपूर सहित कई कलाकारों को खो दिया है। राजीव राज कपूर के सबसे छोटे बेटे थे और रणधीर और ऋषि कपूर के छोटे भाई। राजीव कपूर (58) को आज सुबह हार्ट अटैक पड़ने के बाद उनके बड़े भाई रणधीर कपूर तुरंत अस्पताल ले गए। हालांकि, उनके अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने राजीव को मृत घोषित कर दिया।

‘राम तेरी गंगा मैली’ से राजीव फ़िल्मी दुनिया में दर्शकों की नजर में आये। रणधीर कपूर ने राजीव के निधन की पुष्टि करते हुए ट्वीट में कहा – ‘मैंने अपना सबसे छोटा भाई राजीव खो दिया है। वह अब इस दुनिया में नहीं हैं। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन बचा नहीं सके। मैं अभी अस्पताल में ही हूं और उनकी पार्थिव देह मिलने का इंतजार कर रहा हूं।’

दिवंगत ऋषि कपूर की पत्नी नीतू कपूर ने भी इंस्टाग्राम पर राजीव कपूर की फोटो शेयर करते हुए उनके निधन की खबर की जानकारी दी है। राजीव कपूर ने राज कपूर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ से बॉलीवुड में पहचान बनाई। इसके बाद वह कुछ ही फिल्मों में नजर आए थे, हालांकि बतौर एक्टर उनका करियर लम्बा नहीं रहा। राजीव ने ऋषि कपूर के लीड रोल वाली फिल्म ‘प्रेम ग्रंथ’ का निर्देशन किया था। कई फ़िल्मी हस्तियों ने राजीव के निधन पर शोक जताया है।