महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी भी शामिल हुए राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को शुक्रवार को और बल मिला जब महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी महाराष्ट्र के बुलढाणा के शेगांव में इसमें शामिल हुए। इससे पहले गुरुवार को फिल्म एक्ट्रेस रिया सेन राहुल गांधी की पदयात्रा में शामिल हुई थी।

कांग्रेस ने तुषार गांधी के भारत जोड़ो यात्रा में जुड़ने को ‘ऐतिहासिक’ बताते हुए कहा कि इससे यात्रा के सामजिक चिंतन और सरकार का पता चलता है साथ ही यह भी कि जनता और देश इस समय क्या सोच रहा है।

भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह करीब छह बजे अकोला जिले के बालापुर से शुरू हुई और कुछ घंटे बाद शेगांव पहुंची। वहीं लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी इसमें शामिल हुए। तुषार गांधी ने एक दिन पहले ही ट्वीट करके कहा था कि शेगांव उनकी जन्मस्थली है।

तुषार गांधी ने ट्वीट में कहा था कि वे शेगांव में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे क्योंकि वही उनका जन्म स्टेशन भी है। गांधी ने लिखा था – ‘मेरी मां जिस ट्रेन में सफर कर रही थीं, 1 डीएन. हावड़ा मेल वाया नागपुर, वह 17 जनवरी 1960 को शेगांव स्टेशन पर रुकी थी जब मेरा जन्म हुआ !’

इस बीच कांग्रेस ने राहुल गांधी और तुषार गांधी को, जवाहरलाल नेहरू और महात्मा गांधी के प्रपौत्रों को, दोनों दिवंगत नेताओं की विरासत के वाहक के रूप में वर्णित किया। एक बयान में पार्टी ने कहा – ‘दोनों का एक साथ चलना शासकों के लिए एक संदेश है कि वे लोकतंत्र को खतरे में डाल सकते हैं, लेकिन उन्हें इसे खत्म नहीं करने दिया जाएगा।’