भारत ने सुपरसोनिक टॉरपीडो का ओडिशा में सफल परीक्षण किया, डीआरडीओ को बधाई दी रक्षा मंत्री राजनाथ ने

चीन के तनाव के बीच भारत ने सोमवार को सुपरसोनिक टॉरपीडो का सफल परीक्षण किया है। यह परीक्षण ओडिशा के व्हीलर आईलैंड से किया गया। देश के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है। यह परीक्षण सुबह पौने 12 बजे किया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि के लिए डीआरडीओ और इससे जुड़े संगठनों को बधाई दी है।

जानकारी के मुताबिक रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने इस टॉरपीडो का परीक्षण किया है वह पनडुब्बी रोधी युद्ध में स्टैंड-ऑफ क्षमता के लिए एक प्रमुख प्रौद्योगिकी सफलता मानी जा रही है।

रक्षा मंत्रालय ने एक ट्वीट कर इस कामयाबी की जानकारी दी है। इस ट्ववीट में रक्षा मंत्रालय ने कहा – ‘टॉरपीडो (एसएमएआरटी) के सुपरसोनिक मिसाइल असिस्टेड रिलीज को ओडिशा तट से दूर व्हीलर द्वीप से सोमवार सुबह 11:45 बजे सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। यह प्रक्षेपण पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता स्थापित करने में महत्वपूर्ण है।’

मंत्रालय के मुताबिक टॉरपीडो, एसएमएआरटी के सुपरसोनिक मिसाइल असिस्टेड रिलीज का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। यह पनडुब्बी रोधी युद्ध में स्टैंड-ऑफ क्षमता के लिए एक प्रमुख प्रौद्योगिकी सफलता साबित होगी। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ और अन्य संगठनों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।