भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल

बोलीं, बदल गई भाजपा अब अंबानी-अडाणी की पार्टी बन गई 

भाजपा को मंगलवार को एक बड़ा झटका लगा जब पार्टी महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष मंजू तिवारी कांग्रेस में शामिल हो गईं। कांग्रेस में शामिल होने पर मंजू ने आरोप लगाया कि भाजपा अब बहुत बदल गयी है और कार्यकर्ताओं नहीं, अंबानी-अडाणी की पार्टी बन गयी है।
उत्तराखंड की बड़ी भाजपा नेता मंजू तिवारी अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गईं। पूर्व सीएम और नैनीताल सीट से प्रत्याशी हरीश रावत ने मंजू तिवारी और उनके समर्थकों का स्वागत किया। मंजू तिवारी ने कहा कि बीजेपी अब अंबानी-अडाणी की पार्टी बन गई है। ”भाजपा में अब कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं किया जाता”।
मंजू तिवारी ने कहा कि वह मेजर जनरल (रि) बीसी खंडूड़ी से किए गए भाजपा के बर्ताव से बहुत दुखी थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा अब बहुत बदल गई है और इसमें  कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं रह गया है।
पूर्व सीएम हरीश रावत ने मंजू तिवारी का कांग्रेस में स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके आने से कांग्रेस को लाभ मिलेगा। इस मौके पर हरीश रावत ने कहा कि भाजपा से कांग्रेस में शामिल होने वाले लोग पार्टी की सेवा करने के लिए आ रहे हैं और कांग्रेस से भाजपा में जा रहे लोग सत्ता की मलाई खाने की इच्छा लेकर पार्टी छोड़ रहे हैं।
कांग्रेस के उत्तराखंड प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने कहा कि भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं को भी समझ आ गया है कि भाजपा धोखा देने वाली पार्टी है। ”वह आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, बीसी खंडूड़ी जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी धोखा दे रही है”।